कोटवा सड़क (बाराबंकी)।
भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड दरियाबाद की ग्राम पंचायत गाज़ीपुर स्थित प्राचीन छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य का शिलान्यास खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर 50 लाख 39 हजार रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा। इसके अंतर्गत श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में हाल, शौचालय, शुद्ध पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य से क्षेत्र की धार्मिक आस्था को और मजबूती मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
उन्होंने बताया कि छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर के प्रति क्षेत्रवासियों की प्राचीन काल से गहरी श्रद्धा एवं आस्था रही है। मंदिर के विकास से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि प्रदीप द्विवेदी, ग्राम प्रधान राम संजीवन रावत, समाजसेवी जटा शंकर तिवारी, रवि तिवारी, राज नारायण, शेष नारायण शुक्ला, राजेश कुमार सिंह, डब्बू सिंह, रमाकांत शुक्ला, संदीप सिंह एडवोकेट, सूर्यकांत द्विवेदी, सर्वेश मौर्य, सुरेश शुक्ला एडवोकेट, रामजी द्विवेदी, मुलायम सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
