प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, शिक्षा और संगठन की मजबूती पर दिया गया बल
बनीकोडर (बाराबंकी)। साहू तैलिक एकता एवं विकास समिति एवं साहू चौपाल के तत्वावधान में रविवार को भिटरिया रामसनेहीघाट में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लालता प्रसाद साहू ने की। समारोह में क्षेत्र के सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं साहू चौपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रामचंद्र साहू ने संगठन की गतिविधियों एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हौसिला प्रसाद साहू ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामेश्वर प्रसाद साहू ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में मंडल उपाध्यक्ष अयोध्या धाम नकछेद साहू, जिला संरक्षक अमेठी ओम प्रकाश साहू, प्रदेश संयोजक एवं राष्ट्रीय सदस्य अजीत कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय सदस्य जयंत सेन साहू, अनिल कुमार साहू, जितेंद्र कुमार साहू, शिवकुमार गुप्ता, श्याम नाथ साहू, रामनाथ साहू, नीरज साहू सहित अनेक पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर डॉ. एम.एल. साहू, दीपचंद साहू, रमाशंकर साहू, राजू साहू, शिवशंकर साहू समेत बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने समाज में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया। समारोह का समापन सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
