23 सफर 18 बनी हाशिम का जुलूस आज, तैयारियां जोरों पर, इमामबाड़ा अस्करी हॉल से निकलेगा जुलूस
बाराबंकी। अंजुमन गुलामे अस्करी की ओर से 18 बनी हाशिम के नाम से जुलूस का आयोजन किया जा रहा है। यह जुलूस पिछले 27 सालों से निकाला जा रहा है। इसकी जानकारी अन्जुमन के सदर रियाज हुसैन, सेक्रेटरी बाकर अब्बास ने दी उन्होंने बताया कि इस वर्ष जुलूस 18 अगस्त सोमवार की रात 8 बजे मौलाना गुलाम अस्करी हॉल से निकलेगा जो मोहल्ले में गश्त करेगा कार्यक्रम में मौलाना गुलाम रसूल नूरी कश्मीर मजलिस को संबोधित करेंगे। मजलिस के बाद तबर्बुकात में इमाम हुसैन का शबीहे ताबूत, गहवार-ए-अली असगर, अलम व जुलजनह की जियारत कराई जाएगी। जुलूस में अंजुमन जीनतुल अजा आलमपुर मोहल्ले में गश्त करेगी इस दौरान नौहाखानी और सीना जनी की जाएगी। गश्त के बाद 18 बनी हाशिम के शबीहे ताबूत की जियारत होगी। इमामे जुमा मौलाना मोहम्मद रजा जैदपुरी और मौलाना मोहम्मद जवाद अस्करी नकाबत करेंगे। कार्यक्रम में जनाबे जैनब और जनाबे सकीना के रौजे (सीरिया) से लाए गए अलम-ए-मुबारक की जियारत भी कराई जाएगी। जुलूस के बाद नजरे मौला का भी इंतेजाम किया गया है। आयोजकों ने सभी से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
