प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हुई जन चौपाल, राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने सुनीं जनसमस्याएं
कोटवा सड़क (बाराबंकी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकास खंड बनीकोडर क्षेत्र के मेडवा गांव में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की सोच है कि गांवों का समग्र विकास ही विकसित भारत की आधारशिला है। जब गांव आत्मनिर्भर और समृद्ध होंगे, तभी भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। अपने संबोधन में उन्होंने सरकार की अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
राज्यमंत्री ने विकास खंड मुख्यालय पर रविवार से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जनकल्याण एवं समस्या समाधान शिविर की जानकारी देते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर बीडीओ बनीकोडर, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह, बीईओ संजय राय, ग्राम प्रधान अजय सिंह, सचिव जूही जायसवाल, रेखा रावत, मधुकर तिवारी, दुर्गा प्रसाद, अशोक कुमार चतुर्वेदी, रामनारायण रावत सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
