डॉ० अम्मार रिज़वी की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से महत्वपूर्ण मुलाक़ात

डॉ० अम्मार रिज़वी की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से महत्वपूर्ण मुलाक़ात

*भारत-अमेरिका रक्षा समझौते का स्वागत, सीतापुर में डिफेंस कॉरिडोर स्थापित करने का सुझाव*

लखनऊ (अबुशहमा अंसारी)उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ० अम्मार रिज़वी ने आज पूर्वाह्न भारत सरकार के माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास 17, अकबर रोड, नई दिल्ली पर भेंट की।
मुलाक़ात के दौरान डॉ० रिज़वी ने रक्षा मंत्री को भारत और अमेरिका के बीच हुए दस वर्षीय द्विपक्षीय रक्षा समझौते के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत की रक्षा क्षमताओं को मज़बूत करेगा और वैश्विक स्तर पर देश की साख को और ऊँचा उठाएगा।
डॉ० रिज़वी ने कहा, यह समझौता ऐसे समय में हुआ है जब कुछ पड़ोसी देश ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सवाल उठा रहे थे। इस समझौते ने उन तमाम आवाज़ों को हमेशा के लिए शांत कर दिया है। यह भारत की मज़बूत कूटनीतिक और रक्षा नीति की सफलता का प्रतीक है।
उन्होंने रक्षा मंत्री के उस बयान की भी सराहना की, जिसमें उन्होंने अमेरिकी रक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक में समुद्री मार्गों के शांतिपूर्ण उपयोग पर बल दिया था। डॉ० रिज़वी ने कहा कि यह निर्णय न केवल भारत और अमेरिका बल्कि विश्व शांति के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण और संतुलित कदम है।
इस अवसर पर डॉ० रिज़वी ने एक अहम सुझाव भी रखा। उन्होंने कहा कि सीतापुर जनपद में रक्षा मंत्रालय के कैंटोनमेंट क्षेत्र में हज़ारों एकड़ भूमि वर्षों से अनुपयोगी पड़ी हुई है। इस भूमि का उपयोग देश की रक्षा और आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को साकार करने में किया जा सकता है।
डॉ० रिज़वी ने कहा कि इस क्षेत्र में डिफेंस कॉरिडोर स्थापित किया जा सकता है, जहाँ रक्षा मंत्रालय के विभिन्न कारखाने और उत्पादन इकाइयाँ खोली जा सकती हैं। उनके अनुसार, यदि इस भूमि का समुचित उपयोग किया जाए तो हज़ारों युवाओं को स्थायी रोज़गार मिलेगा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में शिक्षित नवयुवकों को देश की सेवा का अवसर प्राप्त होगा।
मुलाक़ात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा नीति और युवाओं के रोजगार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ० अम्मार रिज़वी ने भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!