बाराबंकी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप
कोतवाली असंद्रा क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने जांच शुरू की
बाराबंकी जिले के कोतवाली असंद्रा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब रारी नदी के किनारे एक पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण व परिजन एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान पिपरही मजरे भठिया निवासी 28 वर्षीय बृजलाल रावत पुत्र स्वर्गीय बुद्धू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बृजलाल गुरुवार रात अचानक बिना बताए घर से निकल गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को दोपहर ग्रामीणों ने नदी किनारे पेड़ से लटका शव देखा तो इसकी सूचना तुरंत गांव वालों और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे परिजन शव देखते ही बदहवास हो गए। मृतक के भाई ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि बृजलाल मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और पिछले कुछ दिनों से उसका व्यवहार भी बदला-बदला सा था।
प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बृजलाल शांत स्वभाव का युवक था और उसकी मौत ने सभी को झकझोर दिया है। पुलिस मामले को संवेदनशीलता के साथ जांच में जुटी है।
