देवां ब्लाक की पंचायतों में भ्रष्टाचार चरम पर अधिकारियों पर संरक्षण का आरोप
मामापुर में जलभराव, सफाई व्यवस्था बदहाल; बीडीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया
रिपोर्टर रहमान अली खान
बाराबंकी। देवां ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों का संरक्षण मिलने के कारण दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हो पाती। ताज़ा मामला ग्राम पंचायत मामापुर का है, जहां प्रधान अमित कुमार वर्मा और स्थानीय अधिकारियों पर लापरवाही और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन परिसर में गंदा पानी भरा रहता है, वहीं किसानों के सैकड़ों पुआल के बंडल भी वहीं रखे जाते हैं। आंगनबाड़ी केंद्र के पास की नालियां जाम हैं और पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। पंचायत भवन तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव के कारण बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले 24 जुलाई 2025 को ग्राम पंचायत टाई कला में कूड़ा प्रबंधन केंद्र के नाम पर लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ था। कई अख़बारों में यह खबर प्रमुखता से छपी थी। उस समय के सचिव अजहर ने कथित तौर पर कहा था ऐसी खबरें बहुत छपती रहती हैं, कुछ नहीं होगा। टेरा कला ग्राम पंचायत में भी सफाईकर्मी शंभू नाथ की लापरवाही से सफाई व्यवस्था बदहाल होने की शिकायतें रही हैं, लेकिन एडीओ पंचायत कुंवर स्वरूप ने केवल तीन दिन का वेतन रोककर मामला निपटा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। मामापुर के ताजा मामले पर खंड विकास अधिकारी नेहा शर्मा ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि इन लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं पर प्रशासन बड़ी कार्रवाई करता है या फिर मामला एक बार फिर आश्वासनों तक ही सीमित रह जाता है।
