फरवरी मार्च में आवागमन के लिए बंद रहेगा घाघराघाट संजय सेतु पुल लखनऊ से टूट सकता है संपर्क

फरवरी मार्च में आवागमन के लिए बंद रहेगा घाघराघाट संजय सेतु पुल
लखनऊ से टूट सकता है संपर्क
जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद अस्थाई रूप से रुकेगा आवागमन
50 हजार से अधिक लोग प्रतिदिन प्रभावित होगे

लखनऊ–गोंडा–बहराइच राजमार्ग पर स्थित घाघरा घाट का संजय सेतु पिछले दो वर्षों से बार-बार खराबी के कारण सुर्खियों में रहा है। आए दिन मरम्मत कार्य होने से लोगों को पहले ही भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब एनएच सूत्रों के अनुसार फरवरी माह में लगभग दो महीने तक पुल पर बड़े पैमाने पर रिपेयर कार्य किये जाने का अनुमान है , जिसके चलते छोटे-बड़े सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद भी किया जा सकता हैपुल बंद होने से राजधानी लखनऊ से सीधा संपर्क टूट जाएगा। इससे बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित आसपास के जनपदों के लगभग 50 हजार से अधिक प्रतिदिन यात्री प्रभावित होंगे। वैकल्पिक मार्ग के रूप में लोगों को जरवल रोड से करीब 60 किलोमीटर दूर चहलारी घाट हाईवे या अयोध्या के रास्ते लखनऊ जाने को मजबूर होना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे।बुद्धिजीवी वर्ग और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि मरम्मत के दौरान संजय सेतु पर आवागमन बंद करना अनिवार्य है, तो सरकार को गोंडा से लखनऊ तक मेमो या पैसेंजर ट्रेन की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मरीजों, हाईकोर्ट जाने वाले वकीलों, व्यापारी वर्ग और आम जनता को राहत मिल सके। स्थिति और गंभीर इसलिए हो जाती है क्योंकि फरवरी-मार्च में गोंडा–बुढ़वल रेल मार्ग पर भी तीसरी लाइन से संबंधित कार्य प्रस्तावित है। इस दौरान कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा और अधिकांश ट्रेनों का रूट अयोध्या–बाराबंकी के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में लखनऊ आने-जाने वालों को सड़क और रेल दोनों मोर्चों पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।इधर, मुहूर्त के अनुसार शादी-विवाह का मौसम भी जोरों पर है। घाघरा नदी के इस पार-उस पार रहने वाले कई परिवारों की शादियां पहले से तय हैं। पुल बंद होने की स्थिति में उनके सामने भी बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी।लोगों की मांग है कि जब तक नया स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक पहले की तरह अस्थायी पीपी पुल बनाकर आवागमन की व्यवस्था की जाए, ताकि वैवाहिक कार्यक्रम समय पर संपन्न हो सकें।मरम्मत कार्य को लेकर इंजीनियरों की टीम द्वारा सर्वे किया जा रहा है। फरवरी के दूसरे सप्ताह से कार्य शुरू होने की संभावना है। इसके लिए जिलाधिकारी बहराइच और बाराबंकी को कुछ दिनों के लिए आवागमन रोकने संबंधी मांग पत्र भेजा गया है। अनुमति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।कुल मिलाकर, संजय सेतु का बंद होना क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। अब सबकी नजर सरकार और प्रशासन पर है कि वे समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था कर आमजन को राहत देते हैं या नहीं।
डीएम से लेंगे अनुमति
इस संबंध में एनएचआई के सहायक अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि घाघरा घाट संजय सेतु पर रिपेयर कार्य के लिए सर्वे पूरा हो रहा है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में काम शुरू होगा और जिलाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद पुल पर आवागमन अस्थायी रूप से रोका जाएगा।,
ब्यूरो चीफ रामानंद सागर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!