टिकट चेकिंग अभियान में विना टिकट पकड़े 306 ट्रेन यात्री वसूला गया 1 लाख 63 हजार 613 रुपए जुर्माना
मचा हड़कंप
बाराबंकी। मेरा टिकट मेरा स्वाभिमान अभियान के तहत बुधवार को लखनऊ की चेकिंग टीम द्वारा बाराबंकी के रसौली स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में पैसेंजर ट्रेनों की जांच की गयी जिसमें 306 यात्री विना टिकट यात्रा करते पाए गए जिनके खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। अभियान बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर भी चलाया गया । दोनों स्टेशनों पर चलाये गये अभियान में विना टिकट यात्रियों से 1 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया तो वही 87 विना टिकट यात्रियों को सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां जुर्माना न अदा करने की दशा में सभी को जेल भेज दिया गया। अचानक हुई इस कार्यवाही से न केवल विना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में दहशत फ़ैल गई है बल्कि स्टेशन के अधिकारी कर्मचारी भी सकते में आ गए हैं । चेकिंग टीम का नेतृत्व वरिष्ठ मण्डल वाणिज्यिक प्रबन्धक कुलदीप तिवारी ने किया। मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मण्डल वाणिज्यि प्रबन्धक श्री तिवारी को रेलवे स्टेशन से राजस्व कम प्राप्त होने की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने न केवल जांच करायी बल्कि सूचना सही पाए जाने पर आज अचानक छापामार कर कार्रवाई भी की । कारवाई की शुरुआत रसौली स्टेशन से की गई। बाई बस पुलिस फोर्स के साथ प्रातः काल पहुंची चेकिंग टीम ने सर्व प्रथम स्टेशन की घेराबंदी की और फिर एक एक ट्रेनों को रोक कर ट्रेन यात्रियों के टिकट चेक किए गए। इसी क्रम में बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर भी टिकट चेकिंग की गई। करीब एक घंटे चले टिकट चेकिंग अभियान में 306 यात्री विना टिकट यात्रा करते हुए पाये गये जिनसे 1 लाख 63 हजार 613 रुपए जुर्माना वसूला गया तो वही 87 विना टिकट यात्रियों को जेल भेजने की कार्रवाई भी की गई। इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक के के यादव , वाणिज्य निरीक्षक, मोहम्मद लुकमान मुख्य टिकट निरीक्षक बाराबंकी के अतरिक्त आरपीएफ, जीआरपी स्टाफ शामिल रहा।
