50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: पुलिस मुठभेड़ में स्वाट व असन्द्रा टीम ने पकड़ा

50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: पुलिस मुठभेड़ में स्वाट व असन्द्रा टीम ने पकड़ा

ब्यूरो चीफ- विशाल गुप्ता की रिपोर्ट

बाराबंकी: स्वाट और असन्द्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 मार्च 2026 की रात एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी सिद्धौर भेजा गया।

पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए कन्धवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेहीघाट हाइवे की ओर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा।

गिरफ्तारी से बचने के लिए संदिग्ध ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की। इस दौरान स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी के कान के पास से गोली गुजरी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में संदिग्ध अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह पुत्र पुत्तन सिंह, निवासी देवरी रुखारा, थाना बक्शी का तालाब, जनपद लखनऊ के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया।

अभियुक्त रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह थाना जहांगीराबाद में पंजीकृत मु0अ0सं0-20/2026 धारा 310(2)/317(3) बीएनएस में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र, अयोध्या द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्त के विरुद्ध बाराबंकी और लखनऊ जनपदों में डकैती, चोरी, अवैध शस्त्र बरामदगी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कुल 11 अभियोग पंजीकृत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!