कोटेदार की कार्यशाली व घटतौली से नाराज ग्रामीणों का हंगामा, सप्लाई इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों का बयान किया दर्ज
जैदपुर बाराबंकी – हरख ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत टेरा गांव में मंगलवार को करीब 2 दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने पंचायत भवन पहुंचकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना था कि बलछत ग्राम पंचायत के गुजरन पुरवा निवासी कोटेदार महादेव प्रसाद द्वारा राशन कार्ड धारकों के साथ बदसुलूकी की जाती है। तथा घटतौली के दौरान यदि कोई आवाज उठाने का प्रयास करता है तो उसे धमकी दे दी जाती है। इतना ही नहीं कोटेदार द्वारा मशीन पर अंगूठा लगवाने के उपरांत कई दिनों तक राशन नहीं दिया जाता है। जिसको लेकर टेरा गांव निवासी राकेश रावत द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। ग्रामीणों ने बताया कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सभी ग्रामीण आंदोलित होने पर विवश होंगे। वही शिकायत के संबंध में मंगलवार को सप्लाई इंस्पेक्टर अवधेश पांडे पंचायत भवन पहुंचे। जहां पर दर्जनों ग्रामीणों ने कोटेदार के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए कार्यशैली तथा घटतौली को लेकर लिखित रूप से बयान दर्ज कराया। वही सप्लाई इंस्पेक्टर अवधेश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया की प्राप्त शिकायत के आधार पर ग्रामीणों के बयान को लिखित रूप से दर्ज किया गया है तथा उक्त बयान को उप जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा तथा उपरोक्त मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर ग्रामीण राकेश रावत, विनय कुमार वर्मा, मोहम्मद एजाज, रफीउल्लाह, मोहम्मद सलीम, अमित कुमार यादव, रमेश चंद्र यादव, शाह आलम, मोहम्मद जाकिर सहित अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे।
