बाराबंकी: शिक्षक की पिटाई से छात्र का टूटा हाथ
बाराबंकी। जनपद इंटर कॉलेज हरख में कक्षा 10 के छात्र के साथ शिक्षक द्वारा की गई बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम करौंदीखुर्द थाना सतरिख निवासी मो० इस्लाम ने आरोप लगाया है कि उनके 14 वर्षीय पुत्र मो० उमर को अध्यापक रविन्द्र राय ने इतनी बेरहमी से पीटा कि उसका दाहिना हाथ टूट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित पिता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे की है। छात्र उमर से कक्षा में सवाल-जवाब के दौरान जब दूसरे सवाल का उत्तर नहीं मिला तो गुस्से में शिक्षक ने पहले गालियां दीं और फिर जमीन पर गिराकर डंडे, लात-घूसों से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान शिक्षक ने पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी प्रहार किया।
मारपीट से घायल छात्र को अन्य अध्यापकों और बच्चों ने छुड़ाया। इसके बाद परिजन छात्र को लेकर सरकारी जिला अस्पताल बाराबंकी पहुंचे, जहां एक्स-रे में उसके हाथ के टूटने की पुष्टि हुई।
पीड़ित पिता का कहना है कि उनकी तबीयत खराब रहने के कारण वे घटना की सूचना तुरंत नहीं दे सके। अब उन्होंने मामले की लिखित शिकायत पुलिस में देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने कहा कि “घटना की जानकारी मुझे नहीं थी। शिकायत आने पर जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और पुलिस से आरोपी शिक्षक पर कठोर कार्रवाई की मांग कर रहा
