एनएच-27 दिलौना मोड़ पर लाइट बंद, अंधेरे में हादसों का खतरा बढ़ा
बनीकोडर बाराबंकी। एनएच-27 अयोध्या-लखनऊ मार्ग के दिलौना मोड़ पर लगे बड़े खंभों की लाइट पिछले कई महीनों से पूरी तरह बंद पड़ी है। इस कारण भिटरिया कट से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को अंधेरे में भारी जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की सी रोशनी केवल छह पैनलों में दिखती है, जबकि बाकी लाइटें पूरी तरह बंद हैं। इस कट से रोज़ाना गुजरने वाले दर्जनों लोग हादसों की स्थिति में रह जाते हैं। पहले यह मार्ग पूरी तरह रोशन रहता था, लेकिन अब अंधेरा ही पसरा है।
स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन और एनएच विभाग से मांग की है कि तुरंत लाइटों की मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि नारायण रेस्टोरेंट और अन्य कटों पर भी लाइट की व्यवस्था जरूरी है, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।
जनता का गुस्सा इस बात पर है कि कई महीनों से लाइट खराब पड़ी होने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो यह अंधेरा और भी जानलेवा साबित हो सकता है।
