रामसनेहीघाट, बाराबंकी।
तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सददवापुर व इब्राहिमाबाद के बीच बीते एक सप्ताह से अवैध मिट्टी खनन का धंधा जोरों पर चल रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए दिन-रात मिट्टी की खुदाई और बिक्री खुलेआम हो रही है, लेकिन प्रशासनिक महकमे ने आँख मूँद रखी है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, खनन माफिया महंगे दामों पर मिट्टी का कारोबार कर रहे हैं। पूरे इलाके में सैकड़ों स्थानों पर मिट्टी बेची जा चुकी है। चर्चा यह भी है कि खननकर्ता किसी “माननीय” का नाम लेकर प्रशासन को गुमराह कर रहा है, जिससे कार्यवाही टल रही है।
हालांकि इस मामले पर उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह व नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी का कहना है कि – “जहां कहीं भी अवैध खनन होगा, वहां कार्रवाई निश्चित की जाएगी।”
सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस पर सख्ती दिखाएगा या फिर ट्रॉलियों का काफिला इसी तरह सददवापुर से भिटरिया व सुमेरगंज तक मिट्टी ढोता रहेगा?
फिलहाल, औसानपुरवा-बनीकोडर मार्ग पर मिट्टी लदी ट्रॉलियों की आवाजाही से सड़क भी खराब हो रही है और नगर पंचायत भी इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
जनता अब इंतजार कर रही है कि पुलिस, खनन विभाग और राजस्व विभाग मिलकर अवैध खनन पर रोक लगाएंगे या फिर यह खेल यूं ही बिना रोक-टोक चलता रहेगा।
