अज्ञात चोरों ने उड़ाए पच्चीस हजार की नगदी व ज्वेलरी
बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अजीम नगर गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर से ज्वेलरी और 25 हजार रुपये नकद चुरा लिए। यह घटना अशरफ पुत्र नूर अली के घर पर रात करीब 3 बजे हुई। चोर जीने के रास्ते घर में घुसे थे। पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) के जवान 5492 ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और जहांगीराबाद थाने को सूचित किया। थाना पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, रात लगभग 3 बजे जीने के रास्ते
से आए चोरों ने घर में रखी ज्वेलरी और नकदी चुरा ली।
परिवार ने चार चोरों को भागते हुए देखा, जिनके चेहरे कपड़े
से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई।
पीड़ित अशरफ सऊदी अरब में मजदूरी का काम करते हैं और कुछ ही दिनों में वापस जाने वाले थे। उन्होंने बताया कि जब वे चोरों का पीछा करने लगे, तो उनकी पत्नी रजिया बानो ने उन्हें असलहा होने के डर से रोक दिया। चोर जीने के रास्ते से छत पर जाकर फरार हो गए।
