मसौली बाराबंकी। छात्रों को आग से बचाव के तरीके सिखाने के लिए लखनऊ अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल में शनिवार को फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आग की आपातकालीन स्थिति के लिए स्कूल की तैयारी की जांच करना और छात्रों और कर्मचारियों को आग से निपटने की तकनीक समेत बचाव अभियान के बारे में जागरूक करना था।
सहायक अग्नि सुरक्षा अधिकारी राहुल कुमार ने अग्नि आग से सुरक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए स्कूल परिसर मे मार्कड्रील करते हुए बताया कि किस प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी को आग से बचाव करने और सुरक्षित बाहर निकलने की जानकारी होनी चाहिए। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने फायर ड्रिल के बारे में जानकारी प्रदान की और आग से सुरक्षा के तरीकों को प्रदर्शित किया। इसमें उन्होंने स्वयं पेपर में आग लगाकर उसे बुझाकर दिखाया। उन्होंने आग बुझाने वाले उपकरण के कार्य को भी समझाया। कुछ छात्रों को मैदान पर आग बुझाने वाले यंत्र को स्वतंत्र रूप से संचालित करने के लिए अभ्यास कराया।
सहायक अग्नि सुरक्षा अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि स्कूल में आग बुझाने की मॉक ड्रिल एक ऐसा अभ्यास है जिसमें आग लगने की स्थिति में स्कूल के छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालना और निर्धारित स्थान पर इकट्ठा होना सिखाया जाता है। मॉक ड्रिल का उद्देश्य लोगों को तुरंत प्रतिक्रिया देना और आग लगने की स्थिति में शांत रहना सिखाना है, जिससे वे वास्तविक आपातकाल में खुद को और दूसरों को बचा सकें।
इस दौरान सहायक प्रबंधक के के सिंह, प्रधानाचार्या मितुशी नेगी सहित छात्र छात्राए मौजूद रहे।
