भगवान श्री 1008 नेमिनाथ का गर्भकल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया

मसौली बाराबंकी। कस्बे में कार्तिक सुदी छठ को भगवान श्री 1008 नेमिनाथ का गर्भकल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महोत्सव की शुरुआत सुबह भगवान के विधिवत अभिषेक और पूजन कार्यक्रम से हुई। इसके बाद जैन मंदिर में विराजमान महाराज श्री 108 सोमदत्त सागर जी के चातुर्मास समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पीछी परिवर्तन, कमंडल भेंट और शास्त्र भेंट जैसे कार्यक्रम बोली के माध्यम से संपन्न हुए।
अभिषेक पूजन और शांति धारा के उपरांत भगवान 1008 नेमिनाथ स्वामी की प्रतिमा को एक रथ पर विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाराबंकी के विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। के.सी. जैन एडवोकेट ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया।
रथयात्रा जुलूस में जैन समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में भक्तगण, महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हुए। श्रद्धालु नाचते-गाते, झूमते और भजन गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह जैन समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों और घरों के सामने भगवान की आरती पूजन की और प्रसाद वितरण किया। जुलूस में घोड़ा गाड़ी, बग्घी और हाथों में झंडियां लिए बच्चे भी शामिल थे।
शोभायात्रा त्रिलोकपुर बाजार में भ्रमण करते हुए छोटे मंदिर से प्रारंभ होकर बड़े मंदिर पर समाप्त हुई। बड़े मंदिर में पहुंचने पर समाज द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रथयात्रा के समापन पर बड़े मंदिर में भगवान का पुनः अभिषेक पूजन किया गया।
इस कार्यक्रम में के.सी. जैन, श्रीचंद जैन, कल्याणचंद जैन, राजू जैन, सुनील जैन, विजय जैन, शांति जैन, मुकेश जैन सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मसौली थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह के नेतृत्व में महिला थाना, देवा थाना और बदोसराय थाने की पुलिस फोर्स के साथ त्रिलोकपुर चौकी प्रभारी संजय यादव अपनी टीम के साथ तैनात रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!