सागौन के बाग में युवक का शव मिलने से सनसनी, गला घोंटकर हत्या की आशंका
रामसनेहीघाट ,बाराबंकी।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बनी गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव के बाहर स्थित सागौन के बाग में एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान 35 वर्षीय पेशकार रावत पुत्र भूपत रावत निवासी बनी के रूप में हुई है।मौके से गले के पास एक गमछा मिला, जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा मंगलवार रात खाना खाकर पास के बंगले में सोने गया था, लेकिन सुबह उसका शव बाग में मिला।
बुधवार तड़के जब बाग मालिक खेत देखने गया, तो उसने सागौन के पेड़ों के बीच युवक का शव पड़ा देखा। उसने तुरंत गांव वालों और परिजनों को सूचना दी। खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव भी पहुंचे और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना शुरू किया।
मृतक के भाई सुशील रावत ने बताया कि करीब दो माह पहले पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते उनके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि पेशकार स्वभाव से शांत और मिलनसार व्यक्ति थे, किसी से उनकी दुश्मनी नहीं थी।
सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक जटाशंकर मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी ने बताया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा, और हत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
