मसौली बाराबंकी। सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अहमदपुर टोल प्लाजा कर्मियों ने एक विशेष अभियान शुरू किया है. इसको लेकर टोल प्लाजा से गुजरने वाली सभी बड़े-छोटे वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाये जा रहे हैं टोलकर्मियों द्वारा यह प्रयास संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चलाया जा रहा है।
लखनऊ अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अहमदपुर टोल प्लाजा पर यह अभियान कई दिनों से चलाया जा रहा है जिसका मुख्य उद्देश्य कोहरे अथवा रात्रि के समय अंधेरे में शून्य पारदर्शिता के कारण वाहनों की दृश्यता बढ़ाना है. ताकि पीछे आने वाले चालक समय रहते सतर्क हो सकें व संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सके. टोल प्लाजा प्रबंधक अनुपम द्विवेदी ने बताया कि ठंड के मौसम में घना कोहरा सड़क पर वाहनों को अदृश्य बना देता है. जिससे चेन रिएक्शन वाली दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने कहा कि रेडियम स्टीकर वाहनों की रोशनी में चमकते हैं. जिससे आ जा रही वाहन दूर से ही दिखाई देते हैं व चालक सुरक्षित ड्राइविंग कर पाते हैं.उन्होंने बताया कि ट्रक, बस, कार व अन्य वाहनों पर स्टीकर लगाये जा रहे है। टोल प्लाजा पर कर्मचारी इस कार्य को मुस्तैदी से अंजाम दे रहे हैं. जिसमें ट्रक, बस, कार व अन्य छोटे वाहन शामिल हैं. अभियान के दौरान चालकों को कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक भी किया जा रहा है. उन्हें गति सीमा का पालन करने, फॉग लाइट्स का उपयोग करने व अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की सलाह दी जा रही है.
