कृति पब्लिक स्कूल में आयोजित युवा शक्ति संगम समारोह–2026 : प्रतिभा, संस्कार और प्रेरणा का भव्य उत्सव
दिनांक 25 जनवरी 2026 को कृति पब्लिक स्कूल के प्रांगण में युवा शक्ति संगम समारोह–2026 का आयोजन अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी समारोह के मुख्य अतिथि देश के वरिष्ठ जन नेता श्री बृजभूषण शरण सिंह जी हेलीकॉप्टर से पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक श्री हिमांशु सिंह जी ने की।
समारोह का मुख्य उद्देश्य चौबीसवें डी.टी.एस.ई.–2026 परीक्षा में उत्तीर्ण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन का स्वागत गगनभेदी तालियों के साथ किया गया।
अपने प्रभावशाली संबोधन में श्री बृजभूषण शरण सिंह जी ने शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने, युवा शक्ति की भूमिका तथा अभिभावकों के दायित्वों पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज का अनुशासित, संस्कारयुक्त और जागरूक युवा ही कल के सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है।
विद्यालय के प्रबंधक श्री हिमांशु सिंह जी ने अपने उद्बोधन में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित करते हुए एकलव्य और द्रोणाचार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया तथा विद्यार्थियों को एकाग्रचित होकर लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर होने का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी बृजभूषण शरण सिंह जी एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधक एवं मंचासीन उपस्थित लोगों ने नेता जी को हार पहनाकर उनका स्वागत किया“नेताजी की जय” के नारों से संपूर्ण वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। मथुरा एवं वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा गणेश वंदना एवं आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। कृति पब्लिक स्कूल के कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने “चारों युगों” पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने नेताजी का चित्र बनाकर सम्मानपूर्वक समर्पित किया गया। बच्चों द्वारा मंच से प्रस्तुत किए गए काव्य पाठ ने भी कार्यक्रम में भावनात्मक रंग भर दिया।
डी.टी.एस.ई.–2026 परीक्षा के विजेताओं में
लखनऊ जनपद से – दर्शिका द्विवेदी, अदिति यादव एवं कपिल कनौजिया
बाराबंकी जनपद से –प्रतीक एवं तन्मय शुक्ला
को स्कूटी एवं बाइक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त समारोह में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा उपस्थित विशाल जनसमूह के लिए कंबल वितरण एवं उत्तम भोजन व्यवस्था की गई, जिसकी सभी आगंतुकों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। बाराबंकी जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने समारोह की गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री बृजभूषण शरण सिंह जी, विद्यालय प्रबंधक श्री हिमांशु सिंह जी एवं प्रधानाचार्या डॉ. फरजाना शकील जी ने उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन, बाराबंकी जिला प्रशासन, पत्रकार बंधुओं, कलाकारों, तकनीकी सहायकों तथा समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल एवं संस्कारयुक्त भविष्य की मंगलकामना की।
युवा शक्ति संगम समारोह–2026 शिक्षा, संस्कार और सम्मान का ऐसा प्रेरणास्पद उदाहरण बना, जिसने उपस्थित जनसमूह के मन में अमिट छाप छोड़ दी।
