प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले: मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में सूनसान मकान के पास घटना
जिला संवाददाता- विशाल गुप्ता
बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक प्रेमी युगल के शव अमरुद के पेड़ से लटके मिले। यह घटना हेतमापुर सूरतगंज मार्ग पर एक सूनसान मकान के पास हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान दसवंतपुर निवासी 22 वर्षीय हसनैन पुत्र उस्मान और लालपुर निवासी 20 वर्षीय सीबा पुत्री पीर मोहम्मद के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस मकान के पास यह घटना हुई, वह काफी समय से खाली पड़ा था।
परिजनों के अनुसार, युवक और युवती गुरुवार शाम लगभग चार बजे से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने जब सूनसान मकान के पास लगे अमरुद के पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गहनता से जांच पड़ताल की और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक दबाव या किसी अन्य संभावित कारण की भी जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृत्यु के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
