शुक्लनपुरवा में श्रीराम महायज्ञ की पूर्णाहुति, वैदिक विधि से पाँच कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न
रामसनेहीघाट। तहसील क्षेत्र के शिव हनुमान मंदिर रामलीला परिसर, शुक्लनपुरवा हथौंधा में हनुमत सेवा संस्थान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीराम महायज्ञ एवं विराट मानस संत सम्मेलन का समापन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और वैदिक उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। सप्तम दिवस यज्ञ की विधिवत पूर्णाहुति के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान का समापन हुआ, जिसके उपरांत प्रातः 8 बजे से प्रारंभ हुआ विशाल भंडारा देर रात्रि तक निरंतर चलता रहा। दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
समापन अवसर पर आयोजित सामूहिक कन्या विवाह समारोह कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। द्वारचार के दौरान बारात की पारंपरिक अगवानी एवं सम्मान मुख्य अतिथि मा. राज्यमंत्री सतीश शर्मा तथा अपर जिला न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट, बाराबंकी ज्ञान प्रकाश शुक्ला सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया गया। अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए आयोजन समिति के सामाजिक एवं धार्मिक प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
रात्रि बेला में वैदिक ब्राह्मणों के सस्वर मंत्रोच्चार एवं शास्त्रोक्त विधि-विधान के मध्य पाँच कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। वेद मंत्रों की गूंज, मंगलगीतों की मधुर ध्वनि और उपस्थित जनसमूह की भावपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक आलोक से आलोकित कर दिया। विवाहोपरांत नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद स्वरूप आवश्यक गृहस्थ सामग्री एवं उपहार भी प्रदान किए गए।
आयोजन के सफल संचालन में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामवासियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी आचार्य मोहित शुक्ल ने समस्त सहयोगियों, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और संस्कारों की सशक्त अभिव्यक्ति भी है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री सतीश शर्मा जी, अपर जिला न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पाक्सो, विशेष सचिव दिलीप दुबे, अखिलेश चतुर्वेदी , अवधेश श्रीवास्तव मंच संचालक दिनेश शुक्ला आदि क्षेत्र के गणमान्य जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ता बन्धु एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
