शारदा नहर में हीट स्ट्रोक से मादा डॉल्फिन और बच्चे की मौत,वन विभाग के रेस्क्यू प्रयास नाकाम
बाराबंकी। गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे देवा रेंज को शारदा नहर में रींवा सींवा के समीप एक मादा डॉल्फिन और उसके बच्चे के फंसे होने की सूचना मिली। भीषण गर्मी के बीच वन विभाग और TSA की टीम ने घंटों रेस्क्यू किया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हीट स्ट्रोक बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और मौके पर रेस्क्यू शुरू किया। TSA के डॉक्टर शैलेन्द्र सिंह भी टीम के साथ मौजूद थे। नहर का पानी गर्म होने और तापमान अधिक होने के कारण डॉल्फिन की हालत लगातार बिगड़ती गई। तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों की मौत हो गई।
वन विभाग ने दोनों डॉल्फिन के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी जिला मुख्यालय भेज दिया है। वहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा परीक्षण किया जाएगा। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी, हालांकि प्रथम दृष्टया हीट स्ट्रोक वजह मानी जा रही है।
लगातार बढ़ रही गर्मी और नहरों का घटता जलस्तर वन्य जीवों के लिए खतरा बन रहा है। पानी गर्म होने से डॉल्फिन जैसे जलीय जीवों पर बुरा असर पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि हीट स्ट्रोक से जलीय जीवों की मौत की घटनाएं चिंताजनक हैं।
