प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली दो भूमिहीन महिलाओं की जिंदगी, गांव में खुशी की लहर
मसौली बाराबंकी जिले के बंकी ब्लॉक, नवाबगंज तहसील के क्षेत्र स्थित सुरसंडा गांव से एक सुखद तस्वीर सामने आई है। यहां दो असहाय और भूमिहीन महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
सुरसंडा गांव निवासी रीना कुमारी और शांति देवी, जो लंबे समय से तिरपाल और अस्थायी ठिकानों में रहने को मजबूर थीं, अब पक्के घर में सुरक्षित जीवन जी रही हैं। पहले सर्दी, गर्मी और बरसात हर मौसम उनके लिए चुनौती बन जाता था, लेकिन अब उन्हें स्थायी छत मिल गई है। दोनों महिलाओं ने इस सुविधा के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि अब उनका परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जी पा रहा है।
ग्राम प्रधान धीरज कुमार ने बताया कि दोनों महिलाएं पूरी तरह भूमिहीन थीं और उनके पास कोई स्थायी आवास नहीं था। प्रशासन के सहयोग और निरंतर प्रयासों के चलते उन्हें योजना का लाभ दिलाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में कोई भी जरूरतमंद परिवार बिना छत के नहीं रहेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के तहत जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सुरसंडा गांव में इसका सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों के जीवन में वास्तविक बदलाव आ रहा है।
यह पहल न सिर्फ दो परिवारों के लिए नया आशियाना लेकर आई है, बल्कि पूरे गांव में उम्मीद और विश्वास की नई किरण भी जगाई है।
